बैंक में पॉकेटमारी करने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार, 33 हजार रुपये बरामद

यूनुस मेमन


बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने बैंक में पॉकेटमारी करने वाले एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को कबीरधाम जिले के पंडरिया से पकड़कर उसके कब्जे से चोरी की गई रकम में से 33 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च 2026 को रैनपुर (कर्रा) निवासी छतलाल कैवर्त और जूनाशहर रतनपुर निवासी कमलेश कुमार ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 मार्च 2026 को वे जिला सहकारी बैंक शाखा रतनपुर से धान बिक्री की राशि निकालने पहुंचे थे। इस दौरान छतलाल कैवर्त ने 18 हजार रुपये और कमलेश कुमार ने 17 हजार रुपये बैंक से निकाले थे। बैंक परिसर में ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने दोनों के जेब में रखी नगदी रकम पॉकेटमारी कर निकाल ली।
प्रार्थियों की शिकायत पर रतनपुर थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान फुटेज में दिख रहे संदिग्ध की पहचान सुरेन्द्र संवरा उर्फ सोमारू (20) निवासी संवरा मोहल्ला, पंडरिया, थाना पंडरिया जिला कबीरधाम के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कबीरधाम जिले के पंडरिया रवाना किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी के घर में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की रकम में से 2 हजार रुपये खर्च कर चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 हजार रुपये नगद बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक आकाश चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक धीरज कश्यप और कीर्ति पैकरा का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!