होली के मद्देनज़र पुलिस का सख्त अभियान: चाकू लेकर घूम रहे 4 आरोपी गिरफ्तार, उपद्रव की आशंका में कई पर कार्रवाई


बिलासपुर। होली पर्व को देखते हुए शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चाकू लेकर घूम रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं उपद्रव की आशंका को देखते हुए कई लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।


थाना सरकंडा पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान सूर्या चौक चिंगराजपारा में आम रास्ते पर हुड़दंग कर रहे राहुल उर्फ रूपेश गोड़ (19) निवासी रिकाण्डो अटल आवास सरकंडा को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुआ। इसके अलावा 4 मार्च को चिंगराजपारा क्षेत्र में चाकू लहराते हुए मिले सूरज उर्फ मोनू ध्रुव (23) निवासी खमतराई तीन पुलिया और छोटू उर्फ दीपक ठाकुर (19) निवासी चिंगराजपारा को भी घेराबंदी कर पकड़ा गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।


थाना सिविल लाइन पुलिस ने दीनदयाल कॉलोनी मंगला क्षेत्र में सरप्राइज चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक लखन साहू (23) निवासी तारबहार तालाब के पास को पकड़ा। जांच में उसके पास से बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी चाकू दिखाकर लोगों को भयभीत कर रहा था। उसके खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


वहीं थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के तिफरा यदुनंदन नगर में पुलिस की चेकिंग के दौरान समर बोराकर को धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
इधर सिविल लाइन थाना क्षेत्र में होली के दौरान संभावित झगड़े-विवाद को रोकने के लिए उपद्रवी तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इस दौरान नरेश रजक, राजकमल फहारे और सेवन परे के खिलाफ कार्रवाई की गई, वहीं प्रसून यादव, गुशसन पटेल, चिरंजीव पाण्डेय और प्रदीप यादव को संदेही मानते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।


इसके अलावा होली के दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 7 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। सभी मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!