
शशि मिश्रा

बिलासपुर। एक ओर शहर के गली मोहल्लों में लकड़ी की होली जलाने की तैयारी हो रही थी, दूसरी ओर परसदा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में कचरे में लगी आग फैलते हुए एक गैरेज तक पहुंच गई, आग लगने से यहां रखी गई पांच कारें जलकर राख हो गईं। एकाएक आग लगने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दमकल के पानी से आगपर काबू पाया गया।
ट्रांसपोर्ट नगर ओम साईं गैरेज के संचालक पीडी नायडू ने बताया कि सोमवार 2 मार्च की रात 8 बजे वे अपना गैरेज बंद कर चले गए थे। इसी दौरान गैरेज के पास कचरे के ढेर में किसी ने आग लगा दी। यह आग फैलते हुए उनके गैरेज तक पहुंच गई। इस दौरान किसी ने आग बुझाने का प्रयास नहीं किया। कुछ देर बात गैरेज के अंदर कतार से खड़ी पांच कारों
में आग लग गई। पांचों गाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं। गैरेज में आग लगने से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने आग लगने की सूचना पुलिस व गैरेज संचालक को दी। सूचना मिलते ही गैरेज संचालक व एसडीआरएफ की टीम दमकल लेकर मौके पर पहुंच गई। दमकल के पानी से आग पर काबू पा लिया गया है। आग से गैरेज में रखी गई पांचों कारें जलकर राख हो गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पिछले दो दिनों में आग लगने की यह दूसरी घटना है। शनिवार की रात मंगला स्थित एक अपार्टमेंट के पार्किंग में बनाए गए इलेक्ट्रानिक सामानों के गोदाम में आग लग गई थी। इससे गोदाम में रखा पूरा सामान जल गया था। इस मामले में पुलिस ने गोदाम संचालक के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।
