
शशि मिश्रा

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) परिसर में होली मिलन कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। ब्रदरहुड पैनल द्वारा सोमवार को आयोजित “रंग बरसे 5.0” कार्यक्रम में दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते धक्का-मुक्की मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, ऑडिटोरियम के सामने आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। तेज साउंड सिस्टम के बीच रंग-गुलाल उड़ाए जा रहे थे और छात्र नृत्य कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ छात्र नशे की हालत में थे और इसी दौरान रंग खेल रही छात्राओं को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले बहस हुई, फिर धक्का-मुक्की और उसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। मारपीट में कुछ छात्रों को चोट लगने की भी बात कही जा रही है।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्रों ने एक-दूसरे के कपड़े तक फाड़ दिए। विवाद बढ़ते देख अन्य छात्र-छात्राएं मौके से इधर-उधर भागने लगे। शाम तक घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिसमें रजत जयंती सभागार के सामने मारपीट होती दिखाई दे रही है।


चार दिन पहले भी हुआ था विवाद
गौरतलब है कि चार दिन पूर्व एबीवीपी द्वारा आयोजित होली मिलन कार्यक्रम के दौरान भी छात्रों के बीच झड़प हुई थी। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता पर सवाल उठने लगे हैं। कुछ छात्रों का कहना है कि पहले विवाद के बाद प्रबंधन को आगामी कार्यक्रमों को लेकर सख्ती बरतनी चाहिए थी।

पुलिस ने विवाद से किया इनकार
मामले में जब कोनी थाना प्रभारी भावेश शेंडे से संपर्क किया गया तो उन्होंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी परिसर में किसी भी विवाद से इनकार करते हुए कहा कि शाम करीब 7 बजे आईटीआई कैंपस में विवाद हुआ था। हालांकि वायरल वीडियो में घटना विश्वविद्यालय परिसर की बताई जा रही है।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लगातार दूसरी घटना के बाद छात्र संगठनों और प्रशासन की भूमिका को लेकर परिसर में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

