होली पर सख्त सुरक्षा एडवाइजरी जारी, तीन दिन चलेगा विशेष निगरानी अभियान


मुंगेली। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भोजराम पटेल के निर्देशन में 3, 4 और 5 मार्च को जिलेभर में विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ‘शून्य सहनशीलता’ (Zero Tolerance) की नीति अपनाई जाएगी।
एसएसपी भोजराम पटेल ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रिपल राइडिंग, शराब पीकर वाहन चलाना या नाबालिगों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन तत्काल जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। तेज रफ्तार, स्टंटबाजी, बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर या प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वालों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए जबरन रंग डालना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। किसी की इच्छा के विरुद्ध रंग लगाने या महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीजे या साउंड सिस्टम चलाने के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी तथा रात्रि 10 बजे के बाद उपयोग करने या निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज होने पर उपकरण जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, आपत्तिजनक लेखन या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर भी कठोर दंड का प्रावधान रहेगा।
सुरक्षा की दृष्टि से चेहरा ढकने वाले मुखौटों के उपयोग एवं विक्रय पर रोक लगाई गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, उत्तेजक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी।
किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति की सूचना जिला पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर +91 94791 93044 पर दी जा सकती है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि होली खुशियों और भाईचारे का पर्व है, इसे शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!