‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर सहित 5 आरोपी गिरफ्तार


मुंगेली। मुंगेली पुलिस को अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। भारत सरकार के ‘‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’’ अभियान के तहत तथा पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चल रहे ‘‘ऑपरेशन बाज’’ के अंतर्गत थाना जरहागांव क्षेत्र से 5 आरोपियों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम जरहागांव शमशान घाट के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए एकत्रित हुए हैं। सूचना पर साइबर सेल एवं थाना जरहागांव पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से पांच संदेहियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 2,65,000 रुपये), 6 मोबाइल फोन (करीब 50,000 रुपये), एक होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 P 1199 (करीब 65,000 रुपये) तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (करीब 1,000 रुपये) जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत लगभग 3,81,000 रुपये आंकी गई है।


गिरफ्तार आरोपियों में समीर कश्यप, सियाराम कश्यप, विरेन्द्र श्रीवास, लोकेश उर्फ लक्की कश्यप एवं रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि ब्राउन शुगर उत्तरप्रदेश के नैनी प्रयागराज से मंगाई गई थी।
मामले में थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 21 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को अवैध नशा या मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी जरहागांव उप निरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!