

बिलासपुर। शहर के समग्र विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर विधायक अमर अग्रवाल ने फेसबुक लाइव संवाद कार्यक्रम ‘मंथन’ की शुरुआत की है। शनिवार को आयोजित इसके दूसरे संस्करण में उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद करते हुए शहर के विकास से जुड़े सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में सैकड़ों नागरिक ऑनलाइन जुड़े, जबकि 15 लोगों ने सीधे विधायक के समक्ष अपने सुझाव और विचार रखे। कार्यक्रम का उद्देश्य बिलासपुर को प्रदेश का अग्रणी और आदर्श शहर बनाना बताया गया।
लाइव सत्र के दौरान सीमा चतुर्वेदी ने बाल सुरक्षा एवं शिक्षा निगरानी समिति के गठन का सुझाव दिया। डॉ. मोनिका पाठक ने शहर को स्वस्थ और सक्रिय बनाने के लिए नेचुरोपैथी सुविधाओं से युक्त एक उत्कृष्ट योग केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। वहीं रश्मि गुप्ता ने अरपा नदी के नाम पर गरिमामय लोकमहोत्सव आयोजित करने की बात कही। इसके अलावा सामाजिक सरोकार, लोकसंस्कृति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी नागरिकों ने अपने विचार साझा किए।
विधायक अमर अग्रवाल ने सभी सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही शहर का समग्र विकास संभव है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें लागू करने की दिशा में पहल की जाएगी। साथ ही शहर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनहितकारी कार्यों की जानकारी भी साझा की।
उन्होंने कहा कि ‘मंथन’ जनप्रतिनिधि और जनता के बीच संवाद का सशक्त सेतु है, जो बिलासपुर के विकास के नए आयाम तय करेगा।
