

बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने गुम हुई 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को चंद घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में अप0 क्र. 71/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 20 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री (उम्र लगभग 15 वर्ष 6 माह) दामाद के ग्राम निरतू स्थित घर से बिना बताए कहीं चली गई है। आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर लिया है। रिपोर्ट दर्ज होते ही मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और तत्काल पतासाजी शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।
तलाश के दौरान सूचना मिली कि बालिका रेलवे स्टेशन घुटकू के आसपास देखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। सक्रियता दिखाते हुए पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह पारिवारिक कारणों से नाराज होकर ट्रेन से कहीं जाने की तैयारी में थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित अनहोनी टल गई।
विधिवत कार्रवाई के बाद नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों पर सतत निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
