ड्यूटी के दौरान शहीद हुए आरक्षक राकेश डहरिया के परिजनों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता

आकाश मिश्रा


मुंगेली, 19 फरवरी 2026। ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए आरक्षक राकेश डहरिया के परिजनों को राज्य शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह राशि आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुंगेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चेक के माध्यम से दी गई।
जिला मुंगेली के थाना पथरिया में पदस्थ आरक्षक राकेश डहरिया का 24 जून 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में आकस्मिक निधन हो गया था। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई थी।
मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी नागेश्वरी डहरिया को सांत्वना देते हुए पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत ₹1 करोड़ का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि दिवंगत आरक्षक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी एवं अनुशासित कर्मचारी थे, जिनकी कमी विभाग को हमेशा खलेगी। जिला पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके परिजनों के साथ खड़ा है।


कार्यक्रम में State Bank of India की मुख्य शाखा बड़ाबाजार, मुंगेली के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन सिंह ने बताया कि केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा बैंकों के माध्यम से संचालित पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत ड्यूटी के दौरान शहीद या आकस्मिक निधन की स्थिति में आश्रित परिवार को निर्धारित आर्थिक सहायता दी जाती है। इसी प्रावधान के अंतर्गत ₹1 करोड़ की राशि स्वीकृत कर चेक प्रदान किया गया।
पुलिस सैलरी पैकेज योजना का उद्देश्य ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी/कर्मचारी की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। इसके अतिरिक्त अन्य शासकीय देय लाभ, अनुग्रह राशि, जीपीएफ/ग्रेच्युटी तथा अनुकम्पा नियुक्ति की प्रक्रिया भी प्रचलन में है।
आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर नागेश्वरी डहरिया ने शासन, पुलिस प्रशासन एवं बैंक प्रबंधन के प्रति भावुक शब्दों में आभार व्यक्त किया।
इस पूरी प्रक्रिया में निरीक्षक (एम) मदनलाल शुक्ला, उप निरीक्षक अमन कश्यप, प्रधान आरक्षक वेदसिंह सोन्ड्रे एवं बैंक प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!