कोनी पुलिस का प्रहार: 40 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, महिला आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जलसों निवासी श्रीमती प्रभा देवी वर्मा (38 वर्ष) अपने घर के आंगन में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश कर रही हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद कोनी पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो पीले रंग के 15-15 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक डिब्बों में 30 लीटर तथा दो हरे रंग के 5-5 लीटर डिब्बों में 10 लीटर, कुल 40 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 8,000 रुपये बताई गई है।
शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!