घर में सोता रहा प्रॉपर्टी डीलर का परिवार, चोर आलमारी से 50 हजार कैश ले उड़ा, भतीजी का कॉल आते ही दीवार फांदकर भागा आरोपी, सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरें


बिलासपुर। शहर के दयालबंद स्थित नारियल कोठी इलाके में मंगलवार रात चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। प्रॉपर्टी डीलर के घर में परिवार गहरी नींद में सोता रहा और चोर कमरे में रखी आलमारी से 50 हजार रुपए नकद पार कर गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, नारियल कोठी निवासी मनजीत सलूजा उर्फ निक्कू प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। 10 फरवरी की रात करीब 10 बजे वे परिवार के साथ भोजन कर सो गए थे। देर रात करीब 12:15 बजे उनकी भतीजी ने फोन कर घर में किसी संदिग्ध व्यक्ति की आहट होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही मनजीत अपने भाइयों और भतीजों के साथ ऊपरी मंजिल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी दीवार फांदकर फरार हो चुका था। घर की जांच करने पर मनजीत के कमरे की आलमारी खुली मिली और उसमें रखे 50 हजार रुपए नकद गायब थे। हालांकि आलमारी में अन्य कीमती सामान भी रखे थे, जिन्हें चोर नहीं ले जा सका।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक अज्ञात युवक दीवार फांदकर घर में प्रवेश करते और वारदात के बाद उसी रास्ते से छलांग लगाकर भागते हुए दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे जल्द पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!