

बिलासपुर। जिला न्यायालय परिसर के निर्माणाधीन भवन के गेट के पास मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तहसीलदार के बेटे की मौत हो गई। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग जांच पूरी करने के बाद गुरुवार को ट्रक चालक और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी की शाम करीब 4:30 बजे ट्रक क्रमांक CG 29 AC 0934 निर्माणाधीन भवन में निर्माण सामग्री लेकर पहुंचा था। ठेकेदार के निर्देश पर चालक मुख्य मार्ग से ट्रक को गेट की ओर बैक कर रहा था। यह मार्ग काफी व्यस्त होने के बावजूद मौके पर न तो कोई सुरक्षा संकेतक लगाए गए थे और न ही पीछे से वाहन को मार्गदर्शन देने के लिए किसी व्यक्ति को खड़ा किया गया था।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे पल्सर सवार मनिंद्र भूषण श्याम (पिता- हनुमंत सिंह श्याम) को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मनिंद्र के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी अमन गुप्ता के बयान और प्रधान आरक्षक द्वारा की गई जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह केवल साधारण दुर्घटना नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही का मामला है। व्यस्त सड़क पर बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के भारी वाहन से सामग्री उतारना और ट्रक को बैक करना नियमों की अनदेखी माना गया है।
पुलिस ने ट्रक चालक और निर्माणाधीन भवन के ठेकेदार के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

