

बिलासपुर। शहरवासियों को जल्द ही नई बाईपास सड़क की सौगात मिलने जा रही है। लंबे समय से प्रतीक्षित सिटी बस डिपो से अशोक नगर तक प्रस्तावित बाईपास सड़क के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। 3.71 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए 8.30 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सड़क की चौड़ाई 7 मीटर करने का निर्णय लिया है। पहले इस परियोजना के लिए 4.04 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे संशोधित कर बजट बढ़ाया गया। नई स्वीकृति के साथ अब सड़क का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा।
इस सड़क के बनने से अशोक नगर, फॉरेस्ट कॉलोनी, पत्रकार कॉलोनी, महावीर आवासीय परिसर, अटल आवास, ड्रीम रेसिडेंसी समेत आसपास की कई कॉलोनियों में रहने वाले 15 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा क्षेत्र में स्थित विभिन्न शासकीय संस्थानों तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।
यह बाईपास रतनपुर से कोनी, अशोक नगर होते हुए सीपत तक पहुंचने का सबसे छोटा मार्ग बनेगा। वर्तमान में यहां मुरूम की कच्ची सड़क है, जिससे बारिश के दौरान कीचड़ और गर्मी में धूल की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। नई सड़क बनने से इन परेशानियों से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, प्रशासनिक मंजूरी के बाद फाइल तकनीकी स्वीकृति के लिए चीफ इंजीनियर कार्यालय भेजी जाएगी। तकनीकी स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। यदि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी होती हैं, तो बारिश से पहले सड़क का बेस तैयार कर लिया जाएगा, जबकि डामरीकरण का कार्य मानसून के बाद शुरू होगा। वर्क ऑर्डर जारी होने के पश्चात संबंधित एजेंसी को निर्माण पूरा करने के लिए छह माह का समय दिया जाएगा।
गौरतलब है कि जिस क्षेत्र में कभी बंजर जमीन हुआ करती थी, वहां अब तेजी से आवासीय बसाहट हो चुकी है। ऐसे में यह बाईपास सड़क क्षेत्र के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लेकिन यह तभी संभव होगा जब स्थानीय विधायक इस योजना से पूरी तरह संतुष्ट होकर इसे हरी झंडी दिखाएं क्योंकि इससे पहले भी कई बार ऐसे प्रस्ताव सामने आए हैं जो अलग-अलग कारणों से अटक गए।
