पेंड्रा के युवक के साथ अमेरिकन युवती ने रचाई शादी, अमरकंटक में भारतीय रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ अंतरराष्ट्रीय विवाह


पेंड्रा।
जिले के पेंड्रा शहर के एक युवक और अमेरिकी युवती का विवाह गुरुवार को अमरकंटक में भारतीय पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। यह विवाह अंतरराष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समन्वय की एक सुंदर मिसाल बन गया है। विवाह समारोह अमरकंटक स्थित नर्मदे आनंदम रिसॉर्ट में विधि-विधानपूर्वक आयोजित किया गया।
पेंड्रा निवासी रमेश साहू के पुत्र अंकित साहू का विवाह अमेरिका की कायला से हुआ। अंकित साहू उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका के मिलवोकी गए थे, जहां उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वे एक प्रतिष्ठित कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। वहीं कायला अमेरिका की ही एक कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर के रूप में पार्ट्स डिजाइनिंग का कार्य करती हैं।
पढ़ाई और नौकरी के दौरान दोनों की मुलाकात हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आपसी सहमति के बाद दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया और 5 फरवरी को भारतीय परंपराओं के अनुरूप सात फेरे लेकर जीवनभर के लिए एक-दूसरे के हो गए।
अमेरिका से पहुंचे वधू पक्ष के परिजन
विवाह समारोह में वधू पक्ष से लगभग डेढ़ दर्जन परिजन अमेरिका से अमरकंटक पहुंचे थे। वहीं वर पक्ष की ओर से भी बड़ी संख्या में रिश्तेदार और शुभचिंतक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में पारंपरिक रीति-रिवाज, मंत्रोच्चार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा देखने को मिली। समारोह हर्षोल्लास और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
सोशल मीडिया पर बनी चर्चा का विषय
भारतीय युवक और अमेरिकी मूल की युवती के इस विवाह की सोशल मीडिया पर भी जमकर चर्चा हो रही है। लोग इसे भारतीय संस्कृति की वैश्विक स्वीकार्यता और संस्कारों की मजबूती का प्रतीक बता रहे हैं। समारोह के दौरान विदेशी मेहमानों और नवविवाहित जोड़े के साथ तस्वीरें खिंचवाने को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
यह विवाह न केवल दो दिलों का मिलन है, बल्कि दो संस्कृतियों के सुंदर संगम का भी प्रतीक बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!