
शशि मिश्रा

बिलासपुर।
दो साल पुराने 40 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर गुरुवार को बीच सड़क उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ महिलाओं ने एक महिला को घेरकर उसकी चप्पलों और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला पर ठगी का आरोप है, जिसे लेकर आरोपी पक्ष की महिलाएं काफी समय से नाराज थीं। गुरुवार को अचानक दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आई महिलाओं ने मर्यादा भूलते हुए बीच सड़क ही महिला पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद राहगीरों ने पूरी मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में महिलाएं पीड़ित महिला को पीटती हुई साफ नजर आ रही हैं।
हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी गंभीर मारपीट के बावजूद मामला पुलिस थाने तक नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि बाद में दोनों पक्षों ने आपसी बातचीत के जरिए विवाद सुलझा लिया और समझौता कर लिया गया।
फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है।
