व्यापार विहार में रोड रेज को लेकर चाकूबाजी, ऑटो एजेंसी में घुसकर युवक ने साथियों संग किया जानलेवा हमला, दो कर्मचारी गंभीर घायल, आरोपी फरार


बिलासपुर।
व्यापार विहार स्थित बजाज इलेक्ट्रिक ऑटो एजेंसी में रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद बुधवार को हिंसक रूप ले बैठा। तालापारा निवासी एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एजेंसी परिसर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में एजेंसी के दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल कर्मचारियों की पहचान आशीष कुर्रे और सुभाष रात्रे के रूप में हुई है। दोनों कर्मचारी एक इलेक्ट्रिक ऑटो को सीज कर यार्ड ले जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी आरोपी रेहान की स्कूटी से टकरा गई। सड़क पर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया।
रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, सड़क पर हुए विवाद के बाद रेहान के मन में रंजिश बनी रही। कुछ देर बाद वह अपने साथियों के साथ पूरी तैयारी के साथ ऑटो एजेंसी पहुंचा। भीतर घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक चाकू निकालकर आशीष और सुभाष पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों कर्मचारी लहूलुहान होकर गिर पड़े।
आरोपी फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एजेंसी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!