मुन्नुलाल स्कूल मैदान में शिफ्ट होगा बृहस्पति बाजार, व्यापारियों के लिए बनेंगे 200 अस्थायी शेड, जाम से मिलेगी राहत, लेकिन एक ही क्षेत्र में तीन बाजार लगने से व्यापारी नाराज


बिलासपुर।
शहर के मध्य क्षेत्र में लगने वाला बृहस्पति सब्जी बाजार जल्द ही अस्थायी रूप से शिफ्ट किया जाएगा। नगर निगम ने बाजार को गोड़पारा लकड़ी टाल के पास स्थित पंडित मुन्नुलाल स्कूल मैदान में स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी है। यहां वर्ष 2023 में किए गए सर्वे में शामिल सब्जी और फल व्यापारियों के लिए 200 अस्थायी शेड बनाए जाएंगे।
नगर निगम के अनुसार, बृहस्पति बाजार में बढ़ती भीड़ और लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वर्तमान बाजार क्षेत्र छोटा पड़ गया है। सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक खरीदी-बिक्री चलने के कारण सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से दिनभर यातायात बाधित रहता है।
अतिक्रमण हटने से मिली पर्याप्त जगह
नगर निगम ने पंडित मुन्नुलाल स्कूल के आसपास वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण को हटाकर पूरे परिसर की सफाई कर दी है। इसके बाद यहां बाजार संचालन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि बाजार शिफ्ट होने से शहर के मध्य क्षेत्र में भीड़ और यातायात की समस्या में कमी आएगी।
गौरतलब है कि वर्तमान में पंडित मुन्नुलाल स्कूल बंद है और इसे खपरगंज स्थित स्कूल में स्थानांतरित किया जा चुका है। इससे पहले मिशन स्कूल मैदान में बाजार शिफ्ट करने की योजना का स्थानीय लोगों ने विरोध किया था।
आधुनिक बृहस्पति बाजार का भी प्रस्ताव
नगर निगम ने बृहस्पति बाजार को आधुनिक स्वरूप देने के लिए 12 करोड़ 66 लाख 18 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव के अनुसार नए बाजार भवन में बेसमेंट में पार्किंग तथा ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर दुकानें बनाई जाएंगी। इस प्रस्ताव को सामान्य सभा में रखा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा।
6×6 के होंगे शेड, सभी मूलभूत सुविधाएं
अस्थायी बाजार के लिए स्कूल परिसर में 6×6 फीट आकार के करीब 200 शेड बनाए जाएंगे। व्यापारियों के लिए पीने के पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग रिवर व्यू रोड पर कराई जाएगी, ताकि मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित न हो।
तीन बाजार एक जगह, व्यापारियों में नाराजगी
हालांकि बाजार शिफ्टिंग को लेकर व्यापारियों में नाराजगी भी है। जिस क्षेत्र में बृहस्पति बाजार को शिफ्ट किया जा रहा है, वहां पहले से ही शनिचरी सब्जी बाजार और चांटीडीह सब्जी बाजार संचालित हैं। ऐसे में एक ही इलाके में तीन सब्जी बाजार लगने से व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि इससे प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और ग्राहकों का बंटवारा होगा।
व्यापारियों ने मांग की है कि नगर निगम इस पहलू पर भी विचार करे, ताकि अस्थायी व्यवस्था से किसी का नुकसान न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!