नेहरू चौक से दर्रीघाट तक सड़क निर्माण आज से शुरू, पहले चरण में हटरी चौक से एमएलबी स्कूल तक बनेगी नाली, 32 करोड़ की लागत से 10.71 किमी लंबी सड़क का होगा कायाकल्प


बिलासपुर।
नेहरू चौक से दर्रीघाट तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत गुरुवार से हो रही है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सचिव की सख्ती के बाद पहले चरण में सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण का कार्य किया जाएगा, ताकि भविष्य में बरसात के दौरान सड़क पर पानी जमा न हो और डामरीकरण के बाद सड़क जल्द खराब न हो।
पहले चरण में हटरी चौक से एमएलबी स्कूल तक एक ओर नाली का निर्माण किया जाएगा, जबकि दूसरी ओर पहले से नाली मौजूद है। नाली निर्माण पूरा होने के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि 31 दिसंबर को वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद ठेकेदार को काम शुरू करने के लिए एक माह का समय दिया गया था, लेकिन जनवरी समाप्त होने के बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया। इस पर पीडब्ल्यूडी सचिव कमलप्रीत सिंह ने ठेकेदार को नोटिस देने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद अब काम शुरू किया जा रहा है।
जर्जर सड़क से लोगों को राहत की उम्मीद
जूना बिलासपुर क्षेत्र की यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पूर्व में नगरीय प्रशासन एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के भूमिपूजन के बाद कार्य शीघ्र शुरू होने की संभावना जताई गई थी।
32 करोड़ की लागत से बनेगी आधुनिक सड़क
नेहरू चौक से दर्रीघाट तक सड़क का निर्माण 32 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। सड़क की कुल लंबाई 10.71 किलोमीटर होगी।
नेहरू चौक से लालखदान तक डामरीकरण किया जाएगा।
लालखदान से मस्तूरी तक 3.86 किलोमीटर फोरलेन सड़क बनेगी।
फोरलेन सड़क दोनों ओर 7-7 मीटर (23-23 फीट) चौड़ी होगी।
बीच में डिवाइडर और दोनों ओर नालियों का निर्माण किया जाएगा।
यह सड़क एनएचएआई के अंतर्गत सरगांव मार्ग से जुड़ेगी। सड़क निर्माण के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है।
दुकानदारों को नोटिस
नाली निर्माण की जद में आने वाले दुकानदारों को चबूतरे हटाने के लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं। पूर्व निगम आयुक्त अमित कुमार द्वारा मौके का निरीक्षण भी किया जा चुका है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्य में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!