जुआ–सट्टा पर बेलगहना पुलिस का प्रहार, एक आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देशों के तहत बेलगहना पुलिस ने जुआ–सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी, नकदी रकम, मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 03 फरवरी 2026 को चौकी बेलगहना, थाना कोटा क्षेत्र के ग्राम पंडरापथरा में सट्टा खिलाए जाने की मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्रीमती नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में बेलगहना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
इस दौरान आरोपी मो. समीर अंसारी पिता कलामउद्दीन अंसारी, उम्र 35 वर्ष, निवासी पंडरापथरा, चौकी बेलगहना, थाना कोटा, जिला बिलासपुर को पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि आरोपी मोबाइल के माध्यम से अन्य लोगों से सट्टा पट्टी के अंक लेकर सट्टा खिला रहा था।
मौके से आरोपी के कब्जे से 19,500 रुपए के हिसाब की 5 नग सट्टा पट्टी, सट्टा पट्टी की नकदी रकम 4,120 रुपए, एक मोबाइल फोन और एक पेन जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 14,120 रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 (क) के तहत कार्रवाई की है। साथ ही आरोपी के खिलाफ धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत भी पृथक से कार्रवाई कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी विगत कई वर्षों से चोरी-छुपे सट्टा खिला रहा था और लोगों की नजरों से बचने के लिए मोटरसाइकिल मैकेनिक का कार्य करता था। बेलगहना पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक भरतलाल राठौर, आरक्षक ईश्वर नेताम एवं धीरज जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!