धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार


बिलासपुर।
सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने आम लोगों को धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक नग धारदार चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 03 फरवरी 2026 को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि टिकरापारा आदर्श नगर चौक के पास एक युवक सड़क पर धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वालों को भयभीत कर रहा है। सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई।
सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी सुल्तान खान पिता असरफ खान, उम्र 27 वर्ष, निवासी अशोक नगर अटल आवास सरकण्डा, जिला बिलासपुर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!