
शशि मिश्रा

शहर में रविवार को दो पालियों में आयोजित टेट की परीक्षा ने शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त कर दी। पहली पाली की परीक्षा के बाद स्थिति फिर भी ठीक ही थी, लेकिन शाम पौने छह बजे दूसरी पाली की परीक्षा छूटते ही शहर में एकाएक दुपहिया व चार पहिया वाहनों की बाढ़ सी आ गई। मेनरोड पर भारी भीड़ से बचने लोग गलियों का सहारा लेकर जल्दी पहुंचने का प्रयास करते रहे, लेकिन गलियों में भी लंबा जाम लगा रहा। यह स्थिति किसी एक सड़क की न होकर पूरे शहर की थी।

दो पालियों में आयोजित टेट की परीक्षा ने शहर को दुपहिया एवं चारपहिया वाहनों से पैक कर दिया। यह तो अच्छा हुआ कि रविवार का दिन होने एवं भारत बंद के कारण शहर की ज्यादातर दुकानें बंद थीं, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम था, नहीं तो रविवार अवकाश के कारण अपने-अपने परिवार को लेकर शॉपिंग करने सड़कों पर निकलने वाले शहरवासियों के वाहन भी जाम में वाहनों की संख्या बढ़ा जाते।
शाम पौने छह बजे टेट की दूसरी पाली की परीक्षा छूटते ही लोग अपने-अपने परिजन को परीक्षा केंद्रों से लेकर घरों की ओर लौटे। एक ही समय में बड़ी संख्या में गाड़यों की सड़क पर आवाजाही से जाम की स्थिति निर्मित हो गई। परीक्षार्थियों के कारण अशोक नगर चौक, सीपत चौक, नेताजी चौक, सरकंडा बंगालीपारा की सारी गालियां इंदिरा सेतु ,राम सेतु वाला पुल ,रिवरव्यू रोड, नेहरू चौक, जरहाभाठा चौक, मंगला चौक ,गांधी चौक, सीएमडी चौक सहित पूरे शहर में जाम की यही हालत रही हालांकि जाम की स्थिति केवल आधे घंटे ही रही आधे घंटे के भीतर ही सारे वाहन अपने-अपने गंतव्य तक पहुंच गए वहीं शहर से बाहर की गाड़ियों ने भी आउटर की ओर रुख कर लिया जिससे शहर के भीतर जगह खाली होती गई
