

बिलासपुर। आज संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद वी. रामा राव ने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला, सर्वसमावेशी और भविष्यदृष्टि से भरपूर है। उन्होंने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग, किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और उद्योग जगत सभी के हितों का संतुलित रूप से ध्यान रखा गया है।
कर सुधारों के माध्यम से मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई है, वहीं 12 लाख रुपये तक की आय को कर मुक्त कर आम नागरिक की क्रयशक्ति बढ़ाई गई है। वेतनभोगियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कर छूट में वृद्धि स्वागतयोग्य कदम है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे जनजातीय एवं खनिज संपन्न राज्य के लिए यह बजट विशेष अवसर लेकर आया है। जनजातीय स्वास्थ्य, सड़क, रेल और कनेक्टिविटी पर विशेष फोकस से बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
खनिज, माइनिंग, रेलवे, औद्योगिक क्लस्टर, पर्यटन, खेल और ई-बस जैसी योजनाओं से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई आधारित कृषि सलाह और ग्रामीण आवास योजनाएं गांवों को सशक्त बनाएंगी।
महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास के प्रावधान यह दर्शाते हैं कि यह बजट केवल आर्थिक नहीं बल्कि सामाजिक उत्थान का भी बजट है।
वी. रामा राव ने कहा कि यह बजट भारत को वैश्विक आर्थिक हब बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
