मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा, तखतपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, दो बाइक बरामद


बिलासपुर।
थाना तखतपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम दीपावली पटेल पिता फुलसिंह पटेल, उम्र 27 वर्ष, निवासी सेमरचुवा वार्ड क्रमांक 01, बटहा रोड, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली है।
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि प्रार्थी अखिलेश कोसले पिता कालीचरण कोसले, उम्र 34 वर्ष, निवासी जोगपारा मोछ, थाना तखतपुर ने 7 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा ग्राम अरईबंद से उसकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 एएच 5614, कीमत लगभग 20 हजार रुपये, चोरी कर ली गई है। इस पर थाना तखतपुर में अपराध क्रमांक 15/2026 धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सेमरचुवा में दबिश देकर दीपावली पटेल को हिरासत में लिया। मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के अनुसार उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 6 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात ग्राम अरईबंद से मोटरसाइकिल चोरी की थी। साथ ही उसने एक अन्य चोरी प्रकरण अपराध क्रमांक 28/2026 में भी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपी के कब्जे से एक काले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 28 एन 8564, कीमत लगभग 20 हजार रुपये, जप्त की गई है। आरोपी को 31 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक भूनेश राम साहू, वरिष्ठ आरक्षक सुनील सूर्यवंशी, कलेश्वर यादव एवं चन्द्रशेखर मरकाम का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!