

मुंगेली,
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह शुक्रवार को जनदर्शन सभा कक्ष, कलेक्ट्रेट मुंगेली में आयोजित किया गया। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा व श्री मयंक तिवारी, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समापन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने सहभागिता की। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 1 जनवरी से 31 जनवरी तक यातायात पुलिस मुंगेली द्वारा जिलेभर में लगातार जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों, शहर के चौक-चौराहों, ग्रामीण हाट-बाजारों एवं कस्बों में नुक्कड़ सभा, नाटक, बैनर-पोस्टर एवं पाम्पलेट वितरण के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम मुंगेली में स्वामी आत्मानंद हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम स्कूल, विवेकानंद स्कूल एवं सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों के बीच रंगोली, चित्रकला, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को कॉपी-पेन वितरित कर यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह ने बच्चों एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने बच्चों से संवाद करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। उन्होंने जीवन में अनुशासन, सतर्कता एवं जिम्मेदारी की अहमियत बताते हुए हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, नशे व मोबाइल फोन का प्रयोग कर वाहन न चलाने, तेज रफ्तार व गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने पर विशेष जोर दिया।

समापन अवसर पर उन्होंने आमजन से यातायात संकेतों का पालन करने, तीन सवारी न बैठाने, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न सौंपने तथा सुरक्षित यातायात को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रक्षित निरीक्षक श्रीमती ख्रिष्ट नरगिस तिग्गा, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक महेश मिश्रा सहित यातायात पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

