पत्नी ही निकली अंधे कत्ल की आरोपी, मुंगेली पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा


मुंगेली।
जिला मुंगेली के थाना पथरिया क्षेत्रांतर्गत ग्राम गंगद्वारी में घटित अंधे कत्ल के मामले में मुंगेली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ने पति से परेशान होकर सोते समय कुल्हाड़ी से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में इस गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने विभिन्न पहलुओं पर सूक्ष्म विवेचना कर मामले का सफल खुलासा किया।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 24 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 3 बजे रूजेश्वरी राजपूत (26 वर्ष) ने थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उसके पति आजूराम राजपूत (51 वर्ष) की हत्या कर दी है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 18/26 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर खून लगी मिट्टी एवं सादी मिट्टी जप्त की गई। आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक ने दूसरी शादी की थी और पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होते रहते थे।


संदेह के आधार पर पत्नी रूजेश्वरी राजपूत को हिरासत में लेकर महिला अधिकारियों द्वारा पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि पति द्वारा लगातार प्रताड़ना से वह परेशान थी। दिनांक 23 जनवरी की रात पति के सो जाने के बाद उसने लोहे की कुल्हाड़ी से सिर, चेहरे, गले, सीने एवं पेट पर कई वार कर हत्या कर दी और बाद में चोरी की झूठी कहानी गढ़ दी।
आरोपी महिला के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी एवं खून से सनी साड़ी गवाहों के समक्ष जप्त की गई। पुलिस ने आरोपी को दिनांक 24 जनवरी 2026 की रात 8:30 बजे गिरफ्तार कर 25 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (सायबर सेल प्रभारी), उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव (थाना प्रभारी पथरिया), उप निरीक्षक शोभा यादव (थाना अजाक) सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अंधे कत्ल के मामले में सच्चाई सामने आई है और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता एक बार फिर प्रमाणित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!