
शशि मिश्रा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सीपत थाना क्षेत्र के जांजी गांव में शासकीय स्कूल के पीछे स्थित एक खाली मकान से नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल के पीछे स्थित खाली मकान की बाउंड्री वॉल के भीतर नवजात का शव पड़ा मिला। शव की हालत अत्यंत भयावह थी। मौके से शिशु का सिर और पैर बरामद हुए हैं, जबकि गर्दन से कमर तक का हिस्सा गायब बताया जा रहा है। शव के इस तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सीपत थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि फिलहाल नवजात के आधे ही अंग बरामद हो पाए हैं, शेष अंगों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को किसने और किन परिस्थितियों में इस तरह सुनसान मकान में फेंका। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
