
शशि मिश्रा

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक छात्र द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने से हड़कंप मच गया। छात्र ने अपने किराए के मकान में खुद को आग के हवाले कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घायल छात्र की पहचान आयुष यादव के रूप में हुई है, जो गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीए एलएलबी का छात्र है। घटना के तुरंत बाद उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है और विशेषज्ञों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष यादव मूल रूप से प्रयागराज, उत्तर प्रदेश का निवासी है। बताया जा रहा है कि आज से उसकी परीक्षा शुरू होने वाली थी। आत्महत्या के प्रयास से पहले उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक स्टोरी पोस्ट की थी। इसके अलावा घटना से संबंधित एक वीडियो बनाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
मामले की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है तथा सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्मदाह के प्रयास के पीछे के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
