
शशि मिश्रा
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के बंधवापारा में खेलते समय एक कक्षा आठवीं की छात्रा घर की छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बंधवापारा निवासी संतोष कुमार की 16 वर्षीय बेटी पलक कुमारी सरकंडा स्थित शासकीय बालिका स्कूल में कक्षा आठवीं की छात्रा है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे पलक घर की छत पर खेल रही थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह छत की रेलिंग से नीचे गिर गई।
गिरने की आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे, जहां पलक गंभीर अवस्था में पड़ी मिली। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर सिम्स पहुंचे और भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा की हालत पर नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है, वहीं आसपास के लोगों ने भी बालिका के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
