बिलासपुर में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों पर बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों साइलेंसर जब्त कर बुलडोजर से किया गया नष्टीकरण


बिलासपुर। शहर में बढ़ते शोर और सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस बिलासपुर ने बड़ी एवं उल्लेखनीय कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सैकड़ों की संख्या में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त कर उन्हें बुलडोजर चलाकर नष्ट किया।
पुलिस के अनुसार बुलेट, स्पोर्ट्स बाइक और अन्य वाहनों में लगाए जा रहे तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इन साइलेंसरों से निकलने वाली कानफोड़ू आवाज बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से नुकसानदायक साबित हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए माननीय न्यायालय और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त निर्देशों के तहत लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।


इसी कड़ी में जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई। साथ ही विभिन्न ऑटोमोबाइल दुकानों और गैरेजों में औचक निरीक्षण कर बिक्री के लिए रखे गए अवैध साइलेंसर भी जब्त किए गए। वाहन चालकों को चेतावनी दी गई कि वे मानक स्तर के साइलेंसर का ही उपयोग करें, अन्यथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने ऑटो पार्ट्स दुकानों के संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि वे अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर की बिक्री करते पाए गए तो उनकी दुकानों को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति भेजी जाएगी। साथ ही गैरेज संचालकों को भी ऐसे वाहनों की सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने दुकानदारों को आईएसआई मार्क वाले उच्च गुणवत्ता के हेलमेट बेचने पर जोर देने की हिदायत दी है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में जान-माल का नुकसान कम किया जा सके।
आज जब्त किए गए मॉडिफाइड साइलेंसरों का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में बुलडोजर चलाकर नष्टीकरण किया गया। पुलिस ने आम नागरिकों और विशेष रूप से युवाओं से अपील की है कि वे फैशन या दिखावे के लिए मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण के लिए भी घातक है।
कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिवचरण परिहार, टीआई वीरेंद्र नेताम सहित यातायात विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!