

बिलासपुर। सीएम दुबे स्नातकोत्तर कॉलेज में सोमवार से दो दिवसीय “सीएमडी टेक फेस्ट” का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर महापौर पूजा विधानी रहीं। उनके साथ शासी निकाय की सदस्य श्रद्धा दुबे और चेयरमैन डॉ. संजय दुबे उपस्थित थे। टेक फेस्ट के अंतर्गत रंगोली, पोस्टर, साइंस मॉडल सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं एवं तकनीकी क्षेत्र में नए प्रयोग करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने छात्राओं द्वारा बनाई गई आकर्षक एवं विषय आधारित रंगोलियों की सराहना करते हुए कहा कि कला के संरक्षण और विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने बताया कि कॉलेज में हर वर्ष खेल एवं साइंस मॉडल प्रदर्शन का आयोजन किया जाता है और आगे भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। टेक फेस्ट के तहत रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता और एड्स जागरूकता रैली भी निकाली गई। प्रतियोगिताओं का संचालन डॉ. हर्षा शर्मा, सुनीता असाटी और एस. पावनी ने किया। निर्णायक के रूप में स्वामी आत्मानंद कॉलेज की डॉ. प्रेमलता वर्मा और साइंस कॉलेज की डॉ. अनामिका शुक्ला उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में डॉ. केके शुक्ला, डॉ. राजकुमार पंडा, डॉ. कमलेश जैन, डॉ. विभा सिंह, डॉ. आदित्य दुबे, डॉ. सुमेला चटर्जी, रोहित लहरे एवं नरेन्द्र टंडन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
चेयरमैन डॉ. संजय दुबे ने कहा कि कॉलेज खेल एवं नवीन तकनीकी विज्ञान की शिक्षा के संवर्धन में हमेशा अग्रणी रहा है। उन्होंने बताया कि कॉलेज में खेल की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं और विद्यार्थी इनका पूरा लाभ ले रहे हैं। हाल ही में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में कॉलेज के छात्र चैंपियन बने हैं।
पूर्व शासी निकाय सदस्य श्रद्धा दुबे ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी आगे बढ़ें, क्योंकि खेल व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक है।
