

बिलासपुर
राजकिशोर नगर रोड पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क किनारे खड़ी महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पिकअप चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
सरकंडा बंधवापारा निवासी नीलम कुशवाह (56) बीते 25 नवंबर को अपने रिश्तेदार के घर राजकिशोर नगर गई थीं। दोपहर करीब 12.30 बजे वे राजकिशोर नगर चौक पर सड़क के किनारे खड़ी थीं। तभी बारूद ढोने वाले पिकअप (क्रमांक CG 04 JD 8426) का चालक राजकिशोर नगर की ओर से तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और नीलम को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही नीलम कुशवाह सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर तथा पेट में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों की मदद से उन्हें नेहरू नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी कागज कुशवाह और ऋषभ कुशवाह के अनुसार, वाहन चालक हादसे के बाद बिना रुके फरार हो गया। घटना के तीन दिन बाद, 28 नवंबर को पीड़िता की बहन सरकंडा थाने पहुंचीं और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस पिकअप चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
