

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के आरोप में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। यह विवाद तब भड़का जब गुरुवार को कलेक्टोरेट घेराव के दौरान कांग्रेसियों ने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोप है कि इसी दौरान भीड़ के बीच कांग्रेस नेताओं द्वारा सीएम के लिए अपमानजनक भाषा का उपयोग किया गया।

सीएम पर टिप्पणी की जानकारी सामने आते ही भाजपा युवा मोर्चा में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को भाजयुमो अध्यक्ष निखिल केशरवानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंच गए। थाने परिसर में भाजयुमो ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग उठाई।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 190, 191(2), 126(2), 352 के तहत कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष विजय पांडेय, जिला ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी, शादाब खान सहित अन्य नेताओं के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने गुरुवार को खराब सड़कों, बढ़े बिजली बिल और धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था के विरोध में कलेक्टोरेट का घेराव किया था। भारी भीड़ के बीच हुए इस प्रदर्शन में नारेबाजी के दौरान हुई कथित टिप्पणी ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों ही दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
