
शशि मिश्रा

बिलासपुर, 10 नवंबर 2025।
तोरवा थाना क्षेत्र से एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। आज सुबह एक व्यक्ति पवन गड़ेवाल को उनके परिचितों ने गंभीर अवस्था में CIMS अस्पताल, बिलासपुर पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें “ब्रॉट डेड” (brought dead) घोषित किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के साथियों का दावा है कि पवन गड़ेवाल भी 4 नवम्बर 2025 को थाना तोरवा क्षेत्र में हुई रेल दुर्घटना में घायल हुआ था। उल्लेखनीय है कि उस रेल हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना पहले ही सामने आ चुकी थी।
हालाँकि, पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि पवन गड़ेवाल वास्तव में उसी रेल हादसे में शामिल था या नहीं। नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी कोतवाली) गगन कुमार (भा.पु.से.) ने बताया कि मृतक से संबंधित सभी तथ्यों एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पवन गड़ेवाल की मृत्यु रेल हादसे की चोटों से हुई या किसी अन्य कारण से।
