मस्तुरी शूटआउट केस में बिलासपुर पुलिस का बड़ा “प्रहार” , कुख्यात अकबर खान और देवेश सुमन गिरफ्तार, अब तक कुल 9 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, षड्यंत्र में शामिल आरोपियों से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद, जमीन विवाद और वर्चस्व की लड़ाई बना हमले की वजह

बिलासपुर, 01 नवम्बर 2025।
मस्तुरी में हुए सनसनीखेज शूटआउट मामले में बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। विवेचना के क्रम में पुलिस ने घटना के षड्यंत्र में शामिल दो अन्य आरोपियों — देवेश सुमन उर्फ निक्कु सुमन (24 वर्ष) एवं अकबर खान (53 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इस तरह अब तक इस मामले में कुल 9 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जिनमें एक किशोर भी शामिल है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। मस्तुरी शूटआउट के मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत सहित सात आरोपियों को पुलिस ने पहले ही 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था।

कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और तारकेश्वर पाटले की भी पुलिस को तलाश

बताया जा रहा है की हत्या से पहले मुख्य आरोपी विश्वजीत की कांग्रेस नेता अकबर खान के साथ मीटिंग हुई थी। पुलिस के अनुसार अकबर खान भी नितेश सिंह की हत्या की साजिश में शामिल था। वही हत्या करने के लिए कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय ने सुपारी दी थी। विश्वजीत को तारकेश्वर पाटले ने शूटर को देने के लिए एक लाख रुपये उपलब्ध कराए थे। पुलिस नागेंद्र राय और तारकेश्वर पाटले की भी तलाश कर रही है। फिलहाल दोनों पुलिस की पकड़ से बाहर है।

घटना की पृष्ठभूमि

पुलिस जांच के अनुसार, मस्तुरी निवासी नितेश सिंह और विश्वजीत अनंत के परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन के क्रय-विक्रय, अतिक्रमण और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष पहले भी एक-दूसरे के खिलाफ मस्तुरी और सिविल लाइन थानों में अपराध दर्ज करवा चुके हैं।

मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत ने रंजिश के चलते नितेश सिंह और उसके साथियों को खत्म करने का षड्यंत्र रचा। उसे जानकारी थी कि नितेश सिंह प्रतिदिन शाम को मस्तुरी जनपद पंचायत कार्यालय के पास बैठता है। इसी दौरान 28 अक्टूबर 2025 की शाम आरोपीगण दो मोटरसाइकिलों में सवार होकर पहुंचे और नितेश सिंह तथा उसके साथियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

हमले में राजू सिंह और चंद्रभान सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अब तक की पुलिस कार्रवाई

घटना के बाद एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने शहर के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई।

अब तक गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं —

  1. विश्वजीत अनंत
  2. अरमान उर्फ बलमजीत अनंत
  3. चाहत उर्फ विक्रमजीत
  4. मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस
  5. मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू
  6. ब्रायनजीत उर्फ आरजू
  7. एक विधि से संघर्षरत किशोर
  8. देवेश सुमन उर्फ निक्कु सुमन (नया आरोपी)
  9. अकबर खान (नया आरोपी) बरामद हथियार और सामग्री

पुलिस ने अब तक की कार्रवाई में आरोपियों से भारी मात्रा में हथियार और उपकरण जब्त किए हैं —

देशी पिस्टल – 03 नग

देशी कट्टा – 02 नग

मैगजीन – 06 नग

जिंदा कारतूस – 05 नग

खाली खोखा (कारतूस) – 13 नग

मोबाइल फोन – 05 नग

आज गिरफ्तार आरोपियों से 1 देशी पिस्टल, 1 कट्टा और 1 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस की विवेचना में नया खुलासा

विवेचना के दौरान पहले गिरफ्तार आरोपियों अरमान उर्फ बलमजीत और चाहत उर्फ विक्रमजीत से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने शहर के कई होटलों और ढाबों की सीसीटीवी फुटेज जांची। इसमें आरोपी अकबर खान और देवेश सुमन की संलिप्तता सामने आई। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

आरोपियों पर बढ़ेगी कानूनी सख्ती

पुलिस के अनुसार, कई आरोपी पहले से ही गंभीर अपराधों में संलिप्त हैं। उनके खिलाफ विभिन्न थानों में अलग-अलग धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।
वर्तमान प्रकरण में अब धारा 111 बी.एन.एस. (संगठित अपराध) जोड़कर विवेचना की जा रही है।

एसएसपी का बयान

एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने कहा —

“मस्तुरी शूटआउट में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। कुछ फरार आरोपी भी चिन्हांकित हैं। उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और सख्त होगी। इस प्रकार की घटनाओं में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!