

बिलासपुर | केंद्रीय जेल बिलासपुर में पदस्थ एक जेल प्रहरी पर हवालाती के रिश्तेदार से रिश्वत लेने का आरोप लगा है। मामले की शिकायत मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी प्रहरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जेल में बंद हवालाती राहुल नामदेव ने एक पत्र प्रहरी समीर रौतिया को दिया था, जिसे उसने चकरभाठा निवासी गुड्डू उर्फ राम आर्या के मोबाइल पर भेजा। इसके बदले समीर रौतिया ने गुड्डू से फोन पे के जरिए 200 रुपए रिश्वत के रूप में वसूले।
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी द्वारा कराई गई प्रारंभिक जांच में प्रहरी का यह कृत्य भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत संज्ञेय अपराध पाया गया। इसके बाद अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जानकारी पुलिस को दी।
जेल अधीक्षक के पत्र के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने समीर रौतिया के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
