रावण रूपी अहंकार का दहन आज : शहरभर में धूमधाम से मनेगा दशहरा, 101 फीट ऊंचे पुतले से लेकर भव्य आतिशबाजी तक का होगा आयोजन, इंस्टिट्यूट में पहली बार रावण के साथ चलेंगे कुंभकरण और मेघनाथ भी

आकाश दत्त मिश्रा


बिलासपुर। बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व विजयादशमी (दशहरा) गुरुवार को शहर में हर्षोल्लास और पारंपरिक धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर नगर में 10 से अधिक स्थानों पर रावण दहन होगा। कहीं रावण के साथ मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाएंगे तो कहीं आधुनिक रूप में समाज में व्याप्त बुराइयों को भी प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया जाएगा।


साइंस कॉलेज मैदान में 101 फीट का रावण
शहर का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आयोजन साइंस कॉलेज मैदान में होगा, जहां इस बार 101 फीट ऊंचे रावण पुतले का निर्माण किया गया है। अरपांचल दशहरा उत्सव समिति और अरपांचल विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में हो रहे इस आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता विधायक अमर अग्रवाल करेंगे। विधायक धर्मजीत सिंह, अटल श्रीवास्तव व सुशांत शुक्ला विशेष अतिथि रहेंगे।
यहां राम दरबार की झांकी, जसगीत, राम-रावण युद्ध और सुप्रसिद्ध गायक पंडित गौरव जोशी की भक्ति प्रस्तुतियां होंगी। रात 8 बजे रावण दहन के साथ दो घंटे की रंगीन आतिशबाजी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी।
चिंगराजपारा में भव्य आयोजन
वार्ड क्रमांक 54 के स्कूल परिसर में शाम 7 बजे रावण दहन होगा। इस कार्यक्रम में पूर्व बीडीए अध्यक्ष अनिल टाह मुख्य अतिथि, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी अध्यक्ष और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।


रेलवे मैदान में तीन पुतले


रेलवे मैदान में इस बार परंपरागत कार्यक्रम विशेष होने वाला है। हिंदुस्तानी सेवा समाज द्वारा 65 फीट ऊंचे रावण के साथ पहली बार 25-25 फीट ऊंचे मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले भी तैयार किए गए हैं। संस्था 1950 से लगातार रामलीला मंचन और रावण दहन करती आ रही है। मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल होंगे, जबकि रेलवे जीएम तरुण प्रकाश अध्यक्षता करेंगे।
मिनोचा कॉलोनी में 60 फीट का पुतला
यहां शाम 6.30 बजे रावण दहन होगा। कार्यक्रम में मेयर पूजा विधानी मुख्य अतिथि होंगी। सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष कमल सोनी अध्यक्षता करेंगे।
लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान
शनिचरी बाजार स्थित स्कूल मैदान में 60 फीट ऊंचा रावण बनाया गया है, जिसकी खासियत उसकी जीवंत आंखें और सोने की बड़ी चेन है। शाम 4 बजे नगर परिक्रमा निकलेगी। मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल रहेंगे।


नूतन चौक


यहां 71 फीट ऊंचे पुतले का दहन होगा। अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला करेंगे।
विशेष बात यह है कि इस वर्ष “आधुनिक रावण” के रूप में समाज में उभर रही नई बुराई का खुलासा भी किया जाएगा।
पुलिस ग्राउंड में नगर निगम का आयोजन
नगर निगम द्वारा आयोजित पारंपरिक दशहरा उत्सव में 70 फीट ऊंचा रावण पुतला तैयार किया गया है। यहां रावण दहन की रस्म नगर विधायक अमर अग्रवाल निभाएंगे। दोपहर 3 बजे तिलक नगर श्रीराम मंदिर से भव्य झांकी निकाली जाएगी, जो पुलिस ग्राउंड पहुंचेगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद शाम 6.30 बजे रावण दहन होगा।


बुराई पर विजय का संदेश


दशहरे पर शहरभर में जहां-जहां रावण दहन होगा, वहां रामलीला मंचन के जरिए राम-रावण युद्ध की झलक प्रस्तुत की जाएगी। आयोजक समितियों का कहना है कि इन पुतलों के माध्यम से लोगों को संदेश दिया जाएगा कि वे अपने भीतर छिपे अहंकार और समाज में पनप रही बुराइयों का दहन करें।
आज रात बिलासपुर का आसमान रावण दहन और रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगाएगा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु और नागरिक शहर के विभिन्न मैदानों में जुटकर बुराई के अंत और अच्छाई की जीत के इस ऐतिहासिक पर्व के साक्षी बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!