

बिलासपुर।
प्यार में धोखा और उस पर दर्ज दुष्कर्म मामले की वजह से मानसिक तनाव झेल रहे एक युवक ने शनिवार की शाम सुसाइड कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक घर से सुसाइड नोट छोड़कर निकला था, जिसकी देर रात रेलवे ट्रैक पर लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
सुसाइड नोट छोड़कर घर से निकला था युवक
जानकारी के मुताबिक, अग्रसेन चौक स्थित साकेत अपार्टमेंट निवासी गौरव सवन्त्री (29) शनिवार शाम अपने घर से बाहर निकला। इससे पहले उसने एक सुसाइड नोट लिखा था जिसमें प्यार में धोखा मिलने का जिक्र था। नोट मिलते ही परिवार घबरा गया और रिश्तेदारों को फोन करने के साथ ही वाट्सएप ग्रुप में भी उसकी जानकारी साझा की। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस भी सक्रिय हो गई और युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
रात लगभग 12 बजे उसलापुर स्थित अल्का एवेन्यू के पास रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में लोग भी वहां इकट्ठा हो गए। परिजनों ने शव की शिनाख्त गौरव के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
नोएडा से लौटने के बाद से था तनाव में
गौरव के पिता अशोक सवन्त्री ने बताया कि बेटा नोएडा गया हुआ था। वहां उसकी मुलाकात एक युवती से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। लेकिन अचानक युवती ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया, जिसके चलते गौरव को जेल जाना पड़ा। करीब 15 दिन पहले ही वह जमानत पर रिहा हुआ था। तभी से वह गहरी चिंता और तनाव में रहने लगा था।
ऑनलाइन साइट के जाल में फंसने की आशंका
गौरव के चचेरे भाई ने आशंका जताई कि शायद वह किसी ऑनलाइन साइट या धोखाधड़ी के जाल में फंस गया था, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई।
पुलिस की जांच जारी
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत राम साहू ने बताया कि युवक की आत्महत्या के पीछे सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में प्रेम संबंध और उस पर दर्ज दुष्कर्म प्रकरण ही तनाव की बड़ी वजह सामने आई है।
गौरव की मौत से परिवार और रिश्तेदारों में मातम का माहौल है। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे क्षेत्र में भी शोक और सन्नाटा फैल गया है।
