
यूनुस मेमन

बिलासपुर।
कोटा थाना अंतर्गत बेलगहना चौकी क्षेत्र में शुक्रवार को चाचा-भतीजे के बीच बकरा मारकर खाने की बात पर इतना बड़ा विवाद हुआ कि चाचा ने भतीजे पर तीर चला दिया। यह तीर कंधे को चीरते हुए सीधे सीने में जा घुसा। लहूलुहान भतीजा किसी तरह जान बचाकर चौकी पहुंचा और घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना का विवरण
बेलगहना के ग्राम कोदवाही पारा नगपुरा निवासी सावन सिंह धनुहार, मजदूरी के साथ-साथ बकरी पालन का काम करता है। 25 सितंबर को सावन को पता चला कि उसके चाचा बिसाहू धनुहार ने उसका एक बकरा मार डाला और पकाकर खा लिया। अगले दिन यानी 26 सितंबर को सावन इस बात का विरोध जताने चाचा के घर पहुंचा और पूछा कि उसने उसका बकरा क्यों मारा।
सावन का आरोप है कि इतना सुनते ही चाचा बिसाहू आगबबूला हो गया। उसने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और घर से धनुष-तीर निकाल लाया। बचाव के लिए सावन जैसे ही पीछे मुड़ा, बिसाहू ने उस पर तीर चला दिया। तीर उसके बाएं कंधे को चीरते हुए सीधे सीने में जा धंसा।
खून से लथपथ हालत में चौकी पहुंचा पीड़ित
गंभीर रूप से घायल सावन किसी तरह मौके से जान बचाकर सीधे बेलगहना चौकी पहुंचा। पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र कोटा भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद जब उसकी स्थिति स्थिर हुई तो पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज की।
पुलिस की कार्रवाई
कोटा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी बिसाहू धनुहार के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों में दहशत
इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि आपसी विवाद को लेकर इस तरह का जानलेवा हमला समाज के लिए बेहद चिंताजनक है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
