

बिलासपुर, तिफरा स्थित मोटल बिलासपुर सिटी में आज भारतीय जनता पार्टी पूर्वी मंडल बिलासपुर के तत्वावधान में एक परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथियों में भारतीय जनता पार्टी जिला शहर अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेन्द्र गुम्बर, प्रवीण सेनगुप्ता, अशोक विधानी एवं निर्मल जीवनानी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री आशुतोष शर्मा द्वारा किया गया। बैठक की शुरुआत में सभी अतिथियों का पारंपरिक स्वागत तिलक, पुष्प वर्षा एवं ढोल-नगाड़ों के साथ किया गया, जिससे माहौल अत्यंत उल्लासपूर्ण हो गया।
मंडल अध्यक्ष राकेश लालवानी ने हाल ही में नियुक्त किए गए मंडल पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों, विशेष आमंत्रित सदस्यों, सभी शक्ति केंद्र प्रभारियों, संयोजकों एवं सहसंयोजकों की सूची मंच से पढ़कर उनका परिचय विस्तारपूर्वक सभी के समक्ष प्रस्तुत किया। यह परिचयात्मक सत्र नए कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और एकजुटता का संचार करता दिखा।
मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने मंच से सभी नव-नियुक्त कार्यकर्ताओं को बधाई दी एवं पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में मिल-जुलकर कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए बताया कि पार्टी का आधार संगठन होता है और संगठन को सशक्त बनाकर ही चुनावी सफलताओं को प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में मंडल महामंत्री शेखर पाल ने सभी अतिथियों के प्रति पूर्वी मंडल की ओर से आभार प्रकट किया एवं सभी उपस्थितजनों को सामूहिक भोजन हेतु आमंत्रित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिससे मंडल की एकजुटता और सक्रियता का परिचय मिला।
