

बिलासपुर,
सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक महिला द्वारा शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण की शिकायत दर्ज कराए जाने के महज 8 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 17 जून को सरकंडा थाना में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी जान-पहचान वर्ष 2023 में अभिषेक बघेल नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर लगातार बातचीत होती रही। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता से शारीरिक संबंध बनाए। लेकिन अब वह शादी से इनकार कर रहा है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल IPC की धारा 376(2)(एन) और 506 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी अभिषेक बघेल (पिता शत्रुहन बघेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम पथरिया, जिला मुंगेली) को मात्र 8 घंटे में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की शहरवासियों द्वारा सराहना की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित व कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
