

बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में नशीली कफ सिरप की अवैध बिक्री से जुड़े एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम टानू महंत उर्फ भांचा है, जो पिछले कुछ समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, 9 मार्च 2025 को ऊर्जा पार्क, राजकिशोर नगर क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अथर्व सौम्य सिंह और एक नाबालिक लड़के को नशीली कफ सिरप बेचते पकड़ा था। उनके पास से 55 नग प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए गए थे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 10,725 रुपये आंकी गई थी।
पूछताछ और जांच के दौरान यह बात सामने आई कि उक्त सिरप झारखंड के देवघर से मंगवाए गए थे, जिसमें मुख्य भूमिका टानू महंत उर्फ भांचा की थी। उसने देवघर के एक मेडिकल संचालक रितुराज सिंह से संपर्क कर यह सिरप मंगवाए थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रितुराज सिंह को भी झारखंड से गिरफ्तार कर लिया था।
मुख्य आरोपी टानू महंत तब से फरार था। 4 जून 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने घर नूतन चौक, सरकंडा आया हुआ है। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
