

बिलासपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। शराब पीकर किसी के साथ भी मारपीट कर देना आम बात हो गई है। ऐसे तत्वों ने दैनिक भास्कर के फोटो जर्नलिस्ट और उसके पिता पर घर घुसकर जानलेवा हमला कर दिया।
बिलासपुर दैनिक भास्कर के फोटो जर्नलिस्ट शेखर गुप्त रोज की तरह अपना काम खत्म कर रात को जूना बिलासपुर स्थित घर पहुंचे थे, जहां उन्होंने देखा कि उनके घर के बाहर गाड़ी खड़ी कर कुछ बदमाश और नशेड़ी तत्व शराब पी रहे हैं। वे लोग शोर भी मचा रहे थे। शेखर गुप्ता ने युवकों को ऐसा करने से मन कर किया और वहां से जाने के लिए कहा इसके बाद बदमाशों ने गाली गलौज शुरू कर दी। विवाद से बचने शेखर अपने घर चले गए। कुछ देर बाद बदमाश उनके पीछे-पीछे घर के अंदर घुस गए और उन्होंने शेखर गुप्ता के साथ मारपीट शुरू कर दी। शेखर गुप्ता के पिता अशोक गुप्ता बीच बचाव करने पहुंचे तो बदमाशों ने उनकी भी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान पिता पुत्र दोनों बुरी तरह जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह से बीच बचाव किया और गंभीर हालत में घायल पिता पुत्र को सिम्स में भर्ती कराया।

पत्रकार पर हमले की सूचना पाते ही पुलिस सक्रिय हुई। देर रात शुभम सोनी, राहुल गुप्ता समेत पांच आरोपियों को पकड़ा गया है, जिनसे पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है। इससे ही मिलती-जुलती घटना कोनी क्षेत्र में हुई हुई है, जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
