


शनिवार शाम को बहुप्रतीक्षित भाजपा पार्षदों की पहली सूची जारी हुई। इसमें 64 वार्ड के पार्षद प्रत्याशियों के नाम शामिल है। उन छह वार्डो की लिस्ट अभी जारी नहीं की गई है जहां से संभावित भाजपा प्रत्याशी महापौर पद के भी दावेदार है। शनिवार को जारी सूची में भाजपा ने 35 नए चेहरों को मौका दिया है, साथ ही 12 भाजपा पार्षद रिपीट किए गए हैं। पूर्व में नगर पंचायत अध्यक्ष रह चुके दो को भी इस बार पार्षद का टिकट मिला है, वहीं कुछ हारे हुए पार्षद और पार्षद पति पर भी भाजपा ने भरोसा जताया है। 70 वार्डों में से जिन छह वार्डों की लिस्ट अभी जारी नहीं की गई है, उनमें पार्षद विनोद सोनी, दुर्गा सोनी, विजय ताम्रकार , बंधु मौर्य , बबलू कश्यप और पूजा विधानी का वार्ड शामिल है, और यह सभी महापौर की रेस में शामिल है।
बताया जा रहा है कि इनमें से जो भी महापौर के लिए नहीं चुना जाएगा उसे पार्षद का टिकट मिलेगा और जिस वार्ड से महापौर चुना जाएगा वहां पार्षद के लिए नए उम्मीदवार का नाम आगे बढ़ाया जाएगा। वार्ड क्रमांक 45 हेमू नगर ओबीसी आरक्षित हो जाने की वजह से यहां निवर्तमान पार्षद अशोक विधानी के लिए अवसर खत्म हो गया है। इसलिए उनकी जगह उनकी पत्नी पूजा विधानी दावेदार हैं लेकिन पूजा विधानी का नाम महापौर के लिए भी चल रहा है। अगर उनका महापौर का टिकट फाइनल हो जाता है तो फिर इस वार्ड से बी बल्लभ राव को पार्षद का टिकट दिया जा सकता है। ऐसा न होने पर पूजा विधानी उर्फ एल पद्मजा वार्ड क्रमांक 45 हेमू नगर से पार्षद का चुनाव लड़ेगी।

किन पुराने चेहरों पर भाजपा ने जताया भरोसा
कई ऐसे प्रत्याशी भी इस बार मैदान में उतारे गए हैं जो भाजपा के पुराने जाने पहचाने चेहरे हैं, जिसमें सुशील श्रीवास्तव, दिनेश देवांगन, अमरदास बंजारे, प्रकाश यादव, एम श्रीनू राव जैसे नाम शामिल है। दिनेश देवांगन , प्रकाश यादव को पूर्व में भी टिकट मिला था और वे चुनाव हार गए थे।
वार्ड क्रमांक 42 से अंतिम समय तक बीपी सिंह का नाम आगे चल रहा था लेकिन अंत में फैसला लक्ष्मी यादव के पक्ष में आया। आपको बता दे कि पिछले पार्षद चुनाव में भी बीपी सिंह भाजपा प्रत्याशी थे जिनके खिलाफ लक्ष्मी यादव ने निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत दर्ज की थी और फिर उनका भाजपा प्रवेश हुआ था।
मेयर की दौड़ में कौन-कौन शामिल
सूत्रों के अनुसार विधायक अमर अग्रवाल समर्थित पूजा विधानी का टिकट फाइनल हो गया था लेकिन एन वक्त पर उनका विरोध हो जाने से पेंच फंस गया। उनके अलावा कमल सोनी, विजय ताम्रकार, विनोद सोनी, बबलू कश्यप, बंधु मौर्य, दुर्गा सोनी का नाम भी मेयर की दौड़ में बताया जा रहा है।
नगर निगम में शामिल नए क्षेत्र से कई निकाय के पुराने चेहरे भी मैदान में उतारे गए है जिसमें से रवि मेहर, राजेश त्रिवेदी , केसरी इंगोले जैसे चेहरे शामिल है। रवि मेहर पूर्व में सकरी नगर पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं इस बार वे पार्षद के लिए चुनाव लड़ेंगे।
जारी सूची

