किसानों को जबरन अमानक खाद दिए जाने के विरुद्ध भाजपा ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव

कैलाश यादव

बिलासपुर। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा अन्याय भूमि पुत्रों के साथ हो रहा है। किसानों को भूपेश बघेल सरकार द्वारा बल पूर्वक नकली खाद की बिक्री की जा रही है। उन्हें इस नकली खाद को खरीदने विवश किया जा रहा है, और मना करने पर भी उनके नाम पर खाद का उठाव दिखा कर उन्हें कर्जदार बनाया जा रहा है।


नेहरू चौक बिलासपुर में भारतीय जनता पार्टी एवं किसान मोर्चा द्वारा आयोजित कलेक्ट्रेट घेराव कार्यक्रम में आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने सभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार किसानों के कर्जमाफी का ढींढोरा पीट रही है किंतु किसानों का कर्ज आज तक माफ नहीं हुआ है। किसानों को विगत दो सालों का बोनस भी दिया जाना था किंतु इसका भी कोई अता पता नही है।
श्री चंदेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गिरदावारी के नाम पर किसानों की भूमि का गोल माल कर दिया गया। उनकी भूमि हड़प ली गई और किसान भूमि से वंचित हो गये उन्होंने कहा कि यह सरकार घोटालों की सरकार है। जिधर देखो उधर घोटाला ही घोटाला है। आने वाले समय में इन घोटालो की बारात निकालनी चाहिए। गोबर घोटाला, कोयला घोटाला, चॉवल घोटाला, रेत घोटाला, पोस्टिंग, ट्रांसफर नियुक्ति सभी में घोटाला। यह सरकार चला चली की बेला में है, इसी वजह से चारो ओर घोटाला करने में लगी हुई है। श्री चंदेल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गो से लेकर छोटी बड़ी सभी सड़कों में गौ माता सहित अन्य जानवर खुले आम विचरण करते रहते है, यदि इन पर 15 अगस्त तक रोक नहीं लगाई गई तो इसके बाद पूरे प्रदेश में इन जनवरो को कलेक्टोरेट, एसडीएम एवं निगम कार्यालयों के समक्ष ले जाकर बांध दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि किसान विरोधी भूपेश सरकार ने प्रदेश की स्थिति को जतखत कर चोचो बोरो कर दिया है।


पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में किसान सुरक्षित नहीं है विगत वर्षो में 500 किसानों ने आत्महत्या की है हालही में एक किसान ने कर्जे की वजह से आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का श्रेय हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को जाना चाहिए जिन्होंने राज्य की अपेक्षा केन्द्र से 7 गुना अधिक राशि धान खरीदी के लिए दी है। उन्होंने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश में किसानों की खुशहाली के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाये है। इस वर्ष केन्द्र ने 73 हजार करोड़ रूपये धान खरीदी के लिए दिये, जबकि विगत वर्ष 53 हजार करोड़ रूपये दिए थे, जबकि भूपेश सरकार ने 11 हजार करोड़ रूपये दिये। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार घोटालो की सरकार है। सरकार गोबर घोटालो पर सदन में कोई जवाब नहीं दे पायी। यह घोटाला लालू यादव के चारा घोटाला से कम नहीं है। एक भी गौठानों में गाय नहीं दिखी, गर्मी के दिनों में भी गौठानो से गोबर बह जाती है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि लाखो किसानों को कर्ज में डुबाने वाली कांग्रेस सरकार है। किसानों के हित में कभी कांग्रेस ने कोई कदम नहीं उठाया आज तक उन्हें छलावा कर ठगने का प्रयास किया है। किसानों के हितों के विपरीत निर्णय लेना कांग्रेस सरकार की रीति नीति रहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में किसानों से धान खरीदी पानी में डूबा-डूबा कर की जाती रही तब किसानों ने कहा था कि मतदान के दौरान तुम्हें भी ऐसे डूबा-डूबा कर मारेंगे और अपनी इस बात को अमल में लाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव किसानों के हितैषी रही है। इसी वजह से किसानों को बैंको से दिये जाने वाला कर्ज शुन्य प्रतिशत ब्याज पर दिया जाने लगा जबकि पूर्व में उन्हें 9 प्रतिशत ब्यात दर से कर्ज मिलता था। गांवो में आज भी सड़क, स्कूल, अस्पताल की सुविधा नहीं है बिजली बिल भी दोगुना बढ़ा कर दिया जा रहा है। प्रदेश में 56 हजार संविदा कर्मचारी हड़ताल पर रहे इनमें 40 हजार लोग किसानो के बेटे है इन्हें नियमित सेवा में लिये जाने सरकार आनाकानी कर रही है। दवाईयां एवं खाद खुले आम कालाबाजारी की जा रही है। पूरे प्रदेश में चारो ओर भ्रष्टाचार का आलम है। सभी कार्यालयों में काम कराने के एवज में पैसा लिया जाता है। उप निरीक्षकों की भर्ती में एक हजार पदों के विरूद्ध 100 याचिकायें उच्च न्यायलय में लंबित है।


भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि अब वह दिन दूर नहीं केवल 100 दिन बाकी है, भाजपा सरकार आने में भूपेश बघेल की घोटाले बाज सरकार विदाई की बेला में है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सदैव किसानों की चिंता की है। उनके हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाये है। कांग्रेस सरकार किसान विरोधी है। सदैव युवाओं एवं किसानों के साथ छलावा किया। किसानों को प्रमाणीकृत वर्मी कम्पोस्ट खाद का वितरण दबाव पूर्वक किया जा रहा है।
मस्तूरी विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि न्याय योजना के नाम पर भूपेश बघेल सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है उन्हें जबरदस्ती अमानक वर्मी कम्पोस्ट खाद खरीदने को मजबूर किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में किसान कांग्रेस सरकार से त्रस्त है। पहले घटिया बारदाने देकर किसानों को परेशान किया अब घटिया व अमानक खाद दे रही है भूपेश सरकार, पांच सालो के शासन में भूपेश सरकार ने पूरे छ.ग. को अपराधगढ़ बना दिया है।
बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि छ.ग. में माफियाराज चल रहा है, केन्द्रीय मद की राशियों का बंदरबांट किया जा रहा है। भाजपा के गौठान निरीक्षण अभियान में किसी गोठान में गौमाता नही मिली, गौठान में काम करने वाली स्व सहायता समूहों को नुकसान पहूंचा कर कांग्रेसी नेताओं को फायदा पहूंचाया जा रहा है। भूपेश बघेल सरकार वर्मी कम्पोस्ट के नाम पर धुल मिट्टी से सनी घटिया खाद किसानों को लेने पर मजबूर कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने कहा कि पांच साल में ही राज्य की कांग्रेस सरकार ने 72 हजार करोड़ का कर्जा छ.ग. में चढ़ा दिया है, नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी का नारा देने वाली कांग्रेस सरकार ने पांच सालों मे इन योजनाओं के लिए बजट में कभी प्रावधान ही नही किया।
महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार की जनक है, सरकार रोका छेका के नाम पर करोड़ों का घोटाला कर रही है। माटी पुत्रों के बेटो का हक मार दिया गया उन्हें भूपेश सरकार ने डिप्टी कलेक्टर बनने से वंचित कर दिया।
किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजलाल राठौर ने कहा कि बैंको में किसानों को पैसे निकालने में घंटो लग जाते है, जबकि बिचौलियों के पैसे तुरंत निकल जाते है। राज्य की कांग्रेस सरकार पूर्ण रूप से फेल हो चुकी है अब इनके जाने का समय आ गया है।
कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद कश्यप ने किया। इस मौके पर घनश्याम कौशिक, मोहित जायसवाल, गुलशन ऋषि, तिलक साहू, अवधेश अग्रवाल, निखिल केशरवानी, कृष्ण कुमार कौशिक, लखन पैकरा, प्रकाश सूर्या सहित भाजपा/मोर्चा/प्रकोष्ठों के पदाधिकारी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!