

मंगलवार को पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच बिलासपुर के पदाधिकारी के प्रतिनिधि मंडल ने बिलासपुर के नवपदस्थ कलेक्टर संजीव कुमार झा से सर्किट हाउस में सौजन्य भेंट की। कोरबा से स्थानांतरित होकर बिलासपुर पहुंचे कलेक्टर संजीव कुमार झा स्वयं मिथिलांचल के सहरसा के पास सुपौल जिले से हैं इसलिए उन्होंने बिलासपुर रहने वाले बिहार और उत्तर भारतीयों के प्रति सहज दिलचस्पी दिखाई। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के पदाधिकारी का परिचय प्राप्त करने के बाद उन्होंने यह जानना चाहा कि बिलासपुर और आसपास बिहार से संबंधित कितने लोग रहते हैं, जिस पर पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र दास ने उन्हें जानकारी देते हुए बताया कि करीब 25 हजार के आसपास लोग बिलासपुर और आसपास बसते हैं जिनकी जड़ें बिहार से जुड़ी हुई है।

समिति के गठन और उनकी गतिविधियों के बारे में भी कलेक्टर संजीव कुमार झा ने जानकारी प्राप्त की। उन्हें यह जानकर सुखद आश्चर्य हुआ कि बिलासपुर में करीब 1 किलोमीटर लंबा पक्का छठ घाट है, जहां हर वर्ष भव्य स्तर पर छठ पूजा का आयोजन किया जाता है, जिसमें 50 हजार से अधिक की भीड़ जुटती है। उन्होंने छठ घाट और वहां मौजूद सुविधाओं की भी जानकारी ली, साथ ही छठ पूजा के दौरान होने वाले आयोजनों और गतिविधियों के संबंध में भी उन्होंने दिलचस्पी दर्शायी। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ मुलाकात के बाद कलेक्टर संजीव कुमार झा ने उन्हें आश्वस्त किया कि समिति के धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में पूर्व की ही भांति उन्हें पूरा प्रशासनिक सहयोग मिलता रहेगा। साथ ही अन्य सामाजिक गतिविधियों में भी पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के सहयोग की उन्होंने अपेक्षा की।

मंगलवार को बिलासपुर कलेक्टर संजीव कुमार झा से सौजन्य भेंट करने वालों में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र कुमार दास, सचिव सुधीर झा, कोषाध्यक्ष धनंजय झा, सतीश सिंह, चंदन सिंह, राजकिशोर श्रीवास , लकी ठाकुर आदि शामिल थे।
