

बिलासपुर । सीएमडी कॉलेज में शासी निकाय के पूर्व अध्यक्ष स्व. पं. भागवत प्रसाद दुबे की जयंती पर प्रेरणा दिवस समारोह का आयोजन किया गया। शासी निकाय के अध्यक्ष पं. संजय दुबे ने बताया कि 18 मार्च सन् 1939 को जन्मे स्व. पं. भागवत प्रसाद दुबे नगर के अग्रणी समाज सेवी और वरिष्ठ अधिवक्ता थे। स्व. दुबे के द्वारा सन् 1956 में सीएमडी कॉलेज की स्थापना की। उन्होंने कहा कि स्व. दुबे ऐसे व्यक्ति थे, जो चुनौतियों का सामना अडिग रहकर करते थे। वे बिना श्रेय लिए अनाम रहकर, अच्छे कार्यों में सदैव संलग्न रहते थे। इस अवसर पर कॉलेज के शासी निकाय के वरिष्ठ संरक्षक सदस्य पं. नारायण प्रसाद दुबे ने कहा कि स्व. दुबे ने कॉलेज के सर्वांगीण विकास के लिए सतत् कार्य किया । उनका योगदान सदैव हमें प्रेरित करता रहेगा। शासी निकास के उपाध्यक्ष एसपी चतुर्वेदी ने कहा कि स्व. दुबे उदार हृदयी और व्यापक दृष्टिकोण रखने वाले व्यक्ति थे, जिनका कॉलेज के विकास मे विशेष योगदान रहा है। इस अवसर पर महेश दुबे, अमन दुबे, नितिन त्रिपाठी, एनपी वर्मा, डॉ. अंजली चतुर्वेदी सहित अन्य ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय सिंह व अन्य शिक्षकों ने उनके स्मृतियों को नमन किया। डॉ. डीके चक्रवर्ती, डॉ. अरुंधती शर्मा, डॉ. सुनीता तिवारी, आरके पंडा मौजूद रहे।