

डॉ धर्मेंद्र कुमार दास पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के नए अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। डॉक्टर दास अगले 3 वर्ष के लिए अध्यक्ष बने हैं।
रविवार को बिलासपुर के छठ घाट में हुए इस प्रतिष्ठा पूर्ण चुनाव में उन्होंने गणेश गिरी को 20 वोट से शिकस्त दी । गणेश गिरी को 28 वोट मिले, जिन के मुकाबले 48 वोट पाकर डॉ धर्मेंद्र कुमार दास अगले 3 वर्षों के लिए पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। वहीं दूसरे मुकाबले में उनके साथी सुधीर झा ने 46 वोट हासिल कर सचिव के पद पर कब्जा किया है। उनके मुकाबले रहे पंकज सिंह केवल 30 वोट ही हासिल कर पाए।

इससे पहले 14 जनवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था, जिसमें कोई दावा आपत्ति ना होने पर इसे ही अंतिम सूची माना गया। अपेक्षा की जा रही थी कि सर्वसम्मति से अध्यक्ष और सचिव चुन लिया जाए लेकिन ऐसा ना होने पर रविवार दोपहर 1:00 से 2:00 तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई। मुकाबले में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के पूर्व सचिव डॉ धर्मेंद्र कुमार दास ने अध्यक्ष के पद पर दावेदारी की तो वही उनके ही साथी सुधीर झा सचिव पद के लिए मैदान में थे। इनके मुकाबिल पूर्व अध्यक्ष समर्थित गणेश गिरी अध्यक्ष और पंकज सिंह सचिव के पद के लिए मैदान में थे। कुल 88 मतदाताओं में से 76 ने मताधिकार का प्रयोग किया।

बिलासपुर में उत्तरांचल की संस्कृति को स्थापित करने और छठ को महापर्व का स्वरूप देने में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बिलासपुर में बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय रहते हैं जिनका प्रतिनिधित्व एक प्रकार से पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच करता है, इसीलिए इस चुनाव को प्रतिष्ठा पूर्ण माना जाता है। अब चुने गए अध्यक्ष और सचिव उपाध्यक्ष ,सह सचिव, कोषाध्यक्ष, संगठन सचिव, कार्यालय सचिव ,प्रवक्ता एवं कार्यकारिणी सदस्य को मनोनीत करेंगे। रविवार को हुए चुनाव को चुनाव अधिकारी आरपी सिंह ने संपन्न कराया। इस अवसर पर संरक्षक मंडल के एसपी सिंह और वी एन झा पूरे वक्त मौजूद रहे। इस चुनाव को लेकर सुबह से ही छठ घाट में गहमागहमी नजर आई, तो वही डॉ धर्मेंद्र दास और सुधीर झा की जीत पर उनके समर्थक जश्न मनाते दिखे।

