
आकाश दत्त मिश्रा

छत्तीसगढ़ में किसानों की सरकार है और सरकार किसानों को लेकर इस कदर संवेदनशील है कि उनका हित सरकार के लिए हमेशा सर्वोपरि रहा है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि किसान संविधान और नियम कायदे से परे हैं। उन्हें भी अपना दायरा समझना होगा। इसी दायरे को तोड़ने वाले आरोपी को मुंगेली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मुंगेली के बुंदेली धान खरीदी केंद्र में 21 नवंबर की रात 8:30 बजे भुनेश्वर चंद्राकर पहुंचा और उससे धान खरीदने की जिद करने लगा। केंद्र प्रभारी देवेंद्र चंद्राकर ने समझाया की धान खरीदी का आज का समय खत्म हो गया है, वो अगले दिन आए लेकिन भुनेश्वर चंद्राकर अड़ गया कि वह रात में अपना धान कहां रखेगा। इस बात पर वह विवाद करने लगा। बात बढ़ी तो भुनेश्वर चंद्राकर ने आवेश में आकर धान खरीदी केंद्र प्रभारी देवेंद्र चंद्राकर को थप्पड़ मार दिया। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और मारपीट करने के आरोप में भुनेश्वर चंद्राकर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इस पर कार्यवाही करते हुए मुंगेली पुलिस ने भुनेश्वर चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है।
