
डेस्क
प्रदेश में धान खरीदी बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। धान खरीदी के मुद्दे पर ही सत्ता हासिल करने के बाद सरकार ने इस बार धान खरीदी देर से शुरू की लेकिन तय समय सीमा में धान की खरीदी पूरी ना होने पर इसकी समय सीमा 20 फरवरी तक बढ़ाई गई ।लेकिन अब भी पंजीकृत लाखों किसान बारदाना की कमी, लिमिट और टोकन नहीं कटने के कारण अपना धान नहीं बेच पाए हैं, दूसरी और 20 फरवरी को धान खरीदी खत्म हो रही है। इससे प्रदेश का किसान बेहद परेशान है । लंबे वक्त से सभी धान खरीदी केंद्रों में बारदाना की भारी कमी है, जिसे अब तक पूरा नहीं किया जा सका है। पंजीकृत किसान ही अपना धान नहीं बेच पाए है। किसानों की परेशानी को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए पंजीकृत किसानों के लिए धान खरीदी की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की है।साथ ही उन्होंने कहा कि सभी खरीदी केंद्रों में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था की जाए, जिससे कि पंजीकृत किसानों के धान को समर्थन मूल्य में शीघ्र अतिशीघ्र खरीदा जा सके।
कांग्रेस सरकार ने किसानों के एक-एक दाना धान खरीदने का वादा किया था , जिसे आम आदमी पार्टी ने वादाखिलाफी बताया है। आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि अगर प्रदेश की सरकार किसानों की मांगों को लेकर गंभीरता नहीं बरती तो आम आदमी पार्टी किसानों के साथ मिलकर प्रदेश व्यापी आंदोलन तेज कर देगी। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद बिलासपुर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह लौट आया है और अब वे स्थानीय मुद्दों पर मुखर होकर सामने आने लगे हैं। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर से मिलकर अपनी बातें रखी। वैसे प्रदेश सरकार पहले ही धान खरीदी के लिए 5 दिन बढ़ा चुकी है लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए लग रहा है कि उसे अब आगे भी यह तारीख बढ़ानी होगी क्योंकि अभी भी ऐसे हजारों किसान हैं जो अपना धान खरीदी केंद्रों में नहीं बेच पाए हैं, इसमें उनका दोष कम और व्यवस्थाओं का दोष अधिक है ।लिहाजा किसानों का ख्याल रखते हुए प्रदेश सरकार को कोई समाधान निकालना होगा।
