
बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने लिफ्ट लेने के बहाने युवक से लूटपाट और मारपीट करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और एयरबड्स बरामद कर जब्त कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुंगेली नाका निवासी सूरज कुमार श्याम (18) अपने साथी योगेश कुमार की होंडा शाइन मोटरसाइकिल से कॉलेज का पता करने जा रहा था। इसी दौरान अशोक नगर चौक स्थित डीएलएस कॉलेज रोड के पास एक अज्ञात युवक ने उससे लिफ्ट मांगी। कुछ दूर जाने के बाद आरोपी ने जबरन आगे चलने का दबाव बनाया और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद मुरूम खदान के पास आरोपी ने अपने साथी को भी बाइक पर बैठा लिया। दोनों आरोपी प्रार्थी को मुरूम खदान स्थित शिव मंदिर के पास ले गए, जहां गाली-गलौज करते हुए हाथ, मुक्कों, लात और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपी उसकी रेडमी कंपनी का मोबाइल, बोट कंपनी के एयरबड्स, ₹200 नकद तथा मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब ₹9 हजार बताई गई है।
पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और एयरबड्स बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस राज उर्फ जानू (29) निवासी यदुनंदन नगर, तिफरा, सिरगिट्टी तथा चेतन पाल (25) निवासी अशोक नगर, डीएलएस कॉलेज के पास, सरकंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
